बलरामपुर महोत्सव की बॉलीवुड नाइट में मशहूर गायक अल्ताफ राजा ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। उनके सुपरहिट गीतों पर दर्शक झूम उठे, जिससे शाम और भी खास बन गई। शनिवार रात कार्यक्रम की शुरुआत धीमे और भावुक गीतों से हुई। ‘तुम तो ठहरे परदेसी’ जैसे गानों से अल्ताफ राजा ने मंच पर आते ही समां बांध दिया। ‘आवारा हवा का झोंका हूँ’ और ‘पहले तो कभी-कभी ग़म था’ जैसे नग्मों ने श्रोताओं के दिलों को छू लिया। पूरा पंडाल तालियों और सीटियों की गूंज से भर उठा।
इस दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। हालांकि, मौसम की इस रुकावट का दर्शकों के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। फैंस पंडाल में डटे रहे और अपने पसंदीदा गायक को सुनने के लिए पूरी रात इंतजार करते रहे। कई लोग भीगते हुए भी गानों का आनंद लेते नजर आए। महोत्सव में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें फैंस का जोश साफ झलक रहा है। बलरामपुर महोत्सव की यह बॉलीवुड नाइट संगीत, मौसम और दर्शकों के जुनून का एक यादगार संगम बन गई।


