आसमान पर बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं ने रोकी गर्मी, आंधी-बारिश का अलर्ट

आसमान पर बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं ने रोकी गर्मी, आंधी-बारिश का अलर्ट

उदयपुर. मेवाड़ में मौसम के बदलाव का क्रम जारी है। तीसरे दिन शनिवार को भी लेकसिटी का आसमान बादलों से अटा रहा। सुबह से ही बादलों का डेरा रहा, इससे बरसात के आसार बने रहे। हालांकि दोपहर में बादल छंट गए, लेकिन बादलों की आवाजाही शाम तक बनी रही। सुबह से हवाओं की गति सामान्य से कुछ अधिक रही। कुछ क्षेत्रों में हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली। बादलों की मौजूदगी और ठंडी हवा से गर्मी का अहसास कम रहा। मौसमी बदलाव का यह क्रम रविवार को भी बना रहने की संभावना है।

——-तापमान में उतार चढ़ावशनिवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 20.5 रहा था। लिहाजा दिन के पारे में मामूली गिरावट और रात के पारे में एक डिग्री की बढ़ोतरी आई है। दिन का पारा औसत से 4.5 डिग्री कम और रात का पारा औसत से 2.7 डिग्री ज्यादा है।

——आगे क्या: मौसम पूर्वानुमान

– 5 अप्रेल : राज्य के ऊपर परिसंचरण तंत्र बना हुआ है, जिसके प्रभाव से जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभागों में कहीं-कहीं तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि की संभावना है।

– 6 अप्रेल : दोपहर बाद जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पुनः तेज आंधी-बारिश गतिविधियां दर्ज होने की प्रबल संभावना है।

– 7 अप्रेल : विक्षोभ का सर्वाधिक असर होगा। जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग में तेज मेघगर्जन, आंधी, कहीं ओलावृष्टि, मध्यम तेज बारिश होने की संभावना है।

– 8 अप्रेल: उत्तरी और पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही प्रदेश के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

——- पिछले तीन दिनों से मेवाड़ सहित प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं ओलावृष्टि के साथ ही तेज हवा चल सकती है। कुछ क्षेत्रों में खंड तेज बरसात हो रही है। इसका मुख्य कारण पश्चिम से लगातार पश्चिमी विक्षोभ आना है। इसके साथ ही अरबसागर से भी नमी आ रही, इससे मेवाड़ सहित राजस्थान के अनेक स्थानों पर अगले दो दिनों तक खण्डवर्षा होने की संभावना है।प्रो. नरपतसिंह राठौड़, मौसमविद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *