जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के अधिकांश शहरों में एक दिन पहले चला आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शनिवार को भी जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में कई क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई।
यह वीडियो भी देखें
यहां हुई बारिश
शनिवार को जयपुर, सवाई माधोपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हुई। इसके अलावा कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। वहीं बीकानेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। अगले दो दिन पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से मौसम शुष्क रहने की संभावना है, इसके बाद 7-8 अप्रेल को इसके फिर सक्रिय होने से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने 6 अप्रेल से मौसम में एक बार फिर बदलाव की चेतावनी दी है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद एक नया, मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे राज्य के कई हिस्सों में दोबारा आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
सात और आठ को फिर बदलेगा मिजाज
7 अप्रेल को इस सिस्टम का सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी, मध्यम से तेज बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। 8 अप्रेल को उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि शेष अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
सामान्य से छह डिग्री तक कम रहा पारा
इधर, एक दिन पहले हुई बारिश और ओलावृष्टि से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन के अधिकतम तापमान में छह डिग्री तक गिरावट हुई, वहीं रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने शनिवार रात को तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए प्रदेश के कई जिलों में मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी किया है।
जारी चेतावनी के अनुसार अगले तीन घंटों में कई इलाकों में मेघगर्जन, तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने जयपुर, टोंक और दौसा जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
येलो अलर्ट वाले जिले
अलवर, धौलपुर, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, झुंझुनूं, सीकर, नागौर और आसपास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।


