गुना के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के कोन्याकला गांव में पूर्व जनपद अध्यक्ष के भतीजे की मारपीट कर हत्या का मामला सामने आया है। युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके गांव गया था। इसी दौरान महिला के ससुराल वालों ने देख लिया और युवक को पकड़कर उसकी मारपीट कर दी। अलसुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस से की गई रिपोर्ट के अनुसार फरियादी कृष्णगोपाल मीना निवासी तुलसीखेड़ी अपने दोस्त गिरीश मीना (32) के साथ अल्टो कार से कोन्याकला गांव पहुंचे थे। गिरीश अपनी एक महिला परिचित से मिलने स्कूल के पास गया था, जबकि कृष्णगोपाल कार में ही बैठा रहा। इसी दौरान गांव के चंदू मीना, रामविलास मीना, मनीष मीना और गोविंद मीना मौके पर पहुंचे और गिरीश को पकडक़र गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। फरियादी के अनुसार आरोपियों ने उसे भी धमकाते हुए वहां से भगा दिया। इसके बाद वह अपनी जान बचाकर मौके से निकल गया और परिजनों को घटना की सूचना दी। कुछ देर बाद गिरीश को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रख दिया गया। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने कृष्णगोपाल मीणा की रिपोर्ट पर आरोपी चंदू, रामविलास, मनीष और गोविंद मीणा के खिलाफ धारा 103(1) (हत्या), 296(ए) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गया था
मिली जानकारी के अनुसार गिरीश की शादी हो चुकी है। वह जिस प्रेमिका से मिलने गया था, वह भी शादीशुदा है। दोनों स्कूल के पास मिल रहे थे, तभी महिला के ससुराल वालों ने देख लिया। शादी के पहले से ही दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इंचार्ज थाना प्रभारी SI अरविन्द गौड़ ने बताया कि एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी गांव से फरार हो गए हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगी हुई है।


