टीकमगढ़: 57 लाख रुपए से होगा नृसिंह मंदिर का जीर्णोद्धार:कलेक्टर ने दिए निर्देश, बांध के डूब क्षेत्र में आई थी मंदिर की जमीन

टीकमगढ़: 57 लाख रुपए से होगा नृसिंह मंदिर का जीर्णोद्धार:कलेक्टर ने दिए निर्देश, बांध के डूब क्षेत्र में आई थी मंदिर की जमीन

टीकमगढ़ में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने शनिवार को ग्राम पंचायत डिकोली स्थित नृसिंह मंदिर के जीर्णोद्धार और नवीन निर्माण कार्यों पर बैठक की। इस दौरान उन्होंने मंदिर के विकास के लिए 57 लाख रुपए की राशि स्वीकृत होने की जानकारी दी। यह राशि बानसुजारा बांध के डूब क्षेत्र में मंदिर की जमीन आने के कारण भू-अर्जन के तहत मिली है। कलेक्टर ने अधिकारियों को मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग मंदिर के निर्माण और विकास कार्यों पर किया जाएगा। मंदिर के विकास से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। बैठक में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, आवश्यक सुविधाओं के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। इसी क्रम में, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने ग्राम पंचायत डिकोली में जनसुनवाई भी आयोजित की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि संवत् 2015 के अभिलेख उपलब्ध न होने के कारण उनके नामांतरण नहीं हो पा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि संवत् 2015 के बाद के अभिलेखों को आधार बनाकर नियमानुसार परीक्षण करते हुए नामांतरण का तत्काल निराकरण किया जाए। कुछ ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की कि उनके खाद्यान्न पर्ची से नाम काट दिए गए हैं। कलेक्टर ने जनपद सीईओ को तत्काल आवश्यक निरीक्षण कर खाद्यान्न पर्ची में नाम जुड़वाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक राकेश गिरी, जनपद सीईओ मनीष शेंडे, तहसीलदार बड़ागांव पलक कुमार जैन, जिला समन्वयक जिला पंचायत मनीष जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामवासी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *