बघौली में 179.69 करोड़ से टू-लेन आरओबी:मुरादाबाद-लखनऊ मार्ग पर तीन जिलों को जाम से मिलेगी राहत

बघौली में 179.69 करोड़ से टू-लेन आरओबी:मुरादाबाद-लखनऊ मार्ग पर तीन जिलों को जाम से मिलेगी राहत

हरदोई जनपद के बघौली कस्बे में मुरादाबाद-लखनऊ मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-263 बी पर लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलेगी। प्रदेश सरकार ने यहां 179.69 करोड़ रुपये की लागत से टू-लेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को स्वीकृति दे दी है। यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2025-26 में शामिल की गई है। परियोजना की पहली किस्त के रूप में तीन करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। लोक निर्माण विभाग को जारी शासनादेश में निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस परियोजना में रेलवे हिस्से पर लगभग 36.13 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यूटिलिटी शिफ्टिंग पर 4.30 करोड़ रुपये और भूमि अधिग्रहण पर लगभग 2.60 करोड़ रुपये का व्यय अनुमानित है। पुल के पहुंच मार्ग और अन्य कार्यों पर 36.64 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह आरओबी कन्नौज-सीतापुर हाईवे को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर निर्मित होगा। इससे हरदोई, कन्नौज और सीतापुर के राहगीरों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से नैमिषारण्य, कंपिल, नीम करौरी धाम जैसे धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को जाम से मुक्ति मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे अपने हिस्से का कार्य करेगा, जबकि शेष निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा कराया जाएगा। परियोजना में भविष्य में सड़क चौड़ीकरण को ध्यान में रखते हुए यूटिलिटी शिफ्टिंग के भी निर्देश दिए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *