मऊ जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को घटना के कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला कोतवाली क्षेत्र के इंद्रपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार तड़के करीब चार बजे हरिकेश नामक युवक ने अपने पिता बसाऊ (55) पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। देर शाम करीब सात बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नदवासराय गांव के पास से हरिकेश को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ घोसी जितेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए गोरखपुर भेजने की बात करते थे, जिससे वह नाराज रहता था। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है, जिसे उसने गेहूं के खेत में छिपा दिया था। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है


