कोटा शहर के घोड़े वाले बाबा चौराहा पर ट्रैफिक पुलिस और एक व्यापारी के बीच विवाद ने अचानक तूल पकड़ लिया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार व्यापारी मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस में तैनात कांस्टेबल अभिषेक ने उसके साथ मारपीट की और 2000 रुपये का चालान भी काट दिया। विवाद के दौरान व्यापारी के चेहरे पर चोट लगने से खून निकलने लगा, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और माहौल गरमा गया। स्थिति बिगड़ती देख ट्रैफिक थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज तुरंत मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा, “मेरे कपड़े फाड़ लो, इससे ज्यादा क्या लोगे,” जिसके बाद भीड़ धीरे-धीरे शांत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक डीएसपी अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लिया। देवेश भारद्वाज ने बताया कि मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसे समझाइश देकर शांत करा दिया गया। उन्होंने कहा कि व्यापारी शुरुआत में बात सुनने को तैयार नहीं था, लेकिन हाथ जोड़कर निवेदन करने पर वह मान गया। फिलहाल दोनों पक्षों को गुमानपुरा थाना भेजा गया है। ट्रैफिक कांस्टेबल अभिषेक ने बताया कि एक कार चालक मोबाइल पर बात करते हुए और बिना सीट बेल्ट लगाए आ रहा था, जिसे रुकवाया गया। कार में उसका बच्चा भी मौजूद था। अभिषेक के अनुसार चालक वाहन से उतरते ही गाली-गलौज करने लगा, जिसके बाद नियम अनुसार 1000 रुपये सीट बेल्ट और 1000 रुपये मोबाइल पर बात करने का चालान किया गया। कांस्टेबल का कहना है कि चालान काटने के बाद जाते समय चालक फिर से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो चालक ने उनकी वर्दी पकड़कर खींची, जिससे झड़प की स्थिति बन गई। इसी दौरान चालक के चश्मे से उनके गाल पर चोट लग गई। घटना के दौरान मौके पर वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए और स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया।


