Kolkata Knight Riders vs Sunrisers Hyderabad, IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी की। एलन ने पहले ही ओवर में डेविड पायने को अपने रडार पर लेते हुए 24 रन बनाए। इसी के साथ फिन आईपीएल पारी के पहले ओवर में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए।
डेविड पायने के ओवर में 25 रन जड़े
गुरुवार को हैदराबाद के खिलाफ 227 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम ने पहले ओवर में बगैर कोई विकेट गंवाए 25 रन कूटे। डेविड पायने के ओवर की पहली गेंद पर कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सिंगल निकाला। अगली दो गेंदों पर फिन एलन ने चौके लगाए। चौथी और पांचवीं गेंद छक्के के लिए बाउंड्री पार भेजी। छठी गेंद पर चौके के साथ एलन ने इस ओवर का अंत किया।
पहले ओवर में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर
आईपीएल पारी के पहले ओवर में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में यशस्वी जायसवाल शीर्ष पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए केकेआर के खिलाफ पारी के पहले ओवर में 26 रन बनाए थे। उनसे पहले साल 2021 में पृथ्वी शॉ दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए केकेआर के खिलाफ पारी के एक ओवर में 24 रन बना चुके थे।
इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर भी यशस्वी जायसवाल का नाम है, जिन्होंने साल 2025 में पंजाब किंग्स के विरुद्ध ओवर में 22 रन बनाए थे, जबकि नमन ओझा (राजस्थान रॉयल्स बनाम केकेआर) साल 2009 में और सुनील नरेन (केकेआर बनाम राजस्थान रॉयल्स) साल 2018 में पारी के पहले ओवर में 21-21 रन जुटा चुके हैं।
मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 विकेट खोकर 226 रन बनाए। इस टीम के लिए हेनरिक क्लासेन ने 35 गेंदों में 52 रन की पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 48 रन का योगदान दिया। इनके अलावा, ट्रेविस हेड ने 46 रन जुटाए। विपक्षी खेमे से ब्लेसिंग मुजरबानी ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि वैभव अरोड़ा को 2 सफलताएं हाथ लगीं। कार्तिक त्यागी और अनुकूल रॉय ने 1-1 विकेट हासिल किया।



