हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत:आंधी में गिरा 11 केवी लाइन का तार, अंधेरे में दिखा नहीं

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत:आंधी में गिरा 11 केवी लाइन का तार, अंधेरे में दिखा नहीं

छतरपुर जिले के भगवा थाना क्षेत्र के ग्राम टिगरी में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा आंधी-तूफान के कारण तार टूटने से हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। मृतक की पहचान दिनेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार देर रात दिनेश शौच के लिए घर से बाहर खेत की ओर गए थे। आंधी-तूफान के कारण 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। अंधेरा होने की वजह से दिनेश को यह तार दिखाई नहीं दिया और वह उसकी चपेट में आ गए। कुछ देर बाद दिनेश का चचेरा भाई उसी दिशा में गया, जहां उसने दिनेश को जमीन पर पड़ा देखा। उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन दिनेश को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ामलहरा ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। तार गिरने पर भी लाइन चालू रही
परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आंधी-तूफान के बाद भी विभाग ने गिरे हुए तारों की सुध नहीं ली। ग्रामीणों के अनुसार, यदि समय रहते तार हटा दिया जाता या बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती, तो युवक की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की
मृतक के चचेरे भाई ने बताया, “रात में कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। हम लोग उधर गए तो देखा कि वह तार में फंसे पड़े थे। तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।” घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *