उज्जैन के माधव साइंस कॉलेज में डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के बाद हंगामा खड़ा हो गया। डॉ. आंबेडकर विद्यार्थी संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रिंसिपल के कमरे में पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रिंसिपल ने उन्हें समझाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। उज्जैन के माधव साइंस कॉलेज में डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ क्लासरूम में आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे जाने को लेकर गुरुवार को विवाद खड़ा हो गया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। छात्र संगठन ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटना कॉलेज में दूसरी बार हुई है। डॉ. आंबेडकर विद्यार्थी संगठन के राम सोलंकी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि देवास रोड स्थित कॉलेज के जियोलॉजी विभाग की कक्षा में बाबा साहेब आंबेडकर के नाम से अभद्र टिप्पणी लिखी गई है। सूचना पर संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां क्लासरूम के बोर्ड पर आपत्तिजनक बातें लिखी मिलीं। इसके बाद कार्यकर्ता प्रिंसिपल के कक्ष में पहुंचे और उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। इस दौरान पुलिस भी वहां मौजूद रही। प्रिंसिपल हरीश व्यास से हल्की कहासुनी भी हुई। संगठन ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दो दिन का समय दिया है और चेतावनी दी है कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


