राजस्थान में दौसा-गंगापुर रेल लाइन पर दौड़ा इलेक्ट्रिक इंजन, जल्द शुरू होंगी इलेक्ट्रिक ट्रेनें; मिलेगा बड़ा फायदा

राजस्थान में दौसा-गंगापुर रेल लाइन पर दौड़ा इलेक्ट्रिक इंजन, जल्द शुरू होंगी इलेक्ट्रिक ट्रेनें; मिलेगा बड़ा फायदा

Dausa News: लालसोट। उत्तर पश्चिम रेलवे के दौसा-गंगापुर सिटी रेल सेक्शन पर कुछ ही महीनों बाद इलेक्ट्रिक इंजन से यात्री गाड़ियों और मालगाड़ियों का संचालन शुरू होने जा रहा है। मंगलवार रात्रि को रेलवे अधिकारियों ने दौसा-गंगापुर सिटी रेलवे ट्रैक पर लालसोट से गंगापुर सिटी के बीच इलेक्ट्रिक लोको का सफल ट्रायल किया। करीब दो माह पूर्व दौसा से सलेमपुरा के बीच भी ऐसा ही ट्रायल हो चुका है।

निजी प्रतिनिधि के अनुसार, लालसोट से गंगापुर सिटी के बीच हुए इस ट्रायल में इलेक्ट्रिक लोको को रेलवे सुरक्षा मापदंडों के तहत 65 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से संचालित किया गया। यह ट्रायल एक ही रात में दो बार हुआ, जिसका पहला चरण लालसोट रेलवे स्टेशन से रात्रि 11:35 बजे शुरू हुआ।

इस दौरान ट्रैक पर विद्युतीकरण का कार्य पूरी तरह फिट पाया गया। इससे पूर्व 30 मार्च को प्रिंसिपल चीफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (पीसीईई) ए.के. जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों संग निरीक्षण के बाद लोको ट्रायल की अनुमति दी थी।

रेलवे ने करीब 143 करोड़ रुपए की लागत वाले इस विद्युतीकरण कार्य को मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था और इस समय सीमा के समाप्त होने से कुछ ही घंटे पहले यह सफल ट्रायल संपन्न हुआ। मार्च 2024 में नियमित ट्रेन संचालन शुरू होने के तत्काल बाद विद्युतीकरण का कार्य हाथों में लिया गया था।

Dausa Gangapur Rail Line
इलेक्ट्रिक लोको के ट्रायल से पूर्व मौजूद रेलवे अधिकारी।

अब सलेमपुरा से लालसोट के बीच विद्युतीकरण अंतिम दौर में है, जिसके अगले 15-20 दिनों में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद इस ट्रैक पर इलेक्ट्रिक लोको से ही यात्री और मालगाड़ियों का संचालन शुरू होगा।

पिछले साल पहली बार चली थी ट्रेन

दौसा-गंगापुर रेल परियोजना को वर्ष 1996-97 में स्वीकृति मिली थी। गत वर्ष 16 मार्च को दौसा से गंगापुर के बीच पहली सवारी गाड़ी का संचालन शुरू हुआ था। डिडवाना में एक टीएसएस (ट्रेक्शन सबस्टेशन) का निर्माण जारी है, फिलहाल दौसा और गंगापुर सिटी स्थित टीएसएस से लाइन चार्ज की गई है।

दिल्ली-अहमदाबाद और दिल्ली-मुंबई जैसे व्यस्ततम ट्रैक से जुड़ेगा यह रूट

विद्युतीकरण पूरा होने पर यह रूट दिल्ली-अहमदाबाद और दिल्ली-मुंबई जैसे व्यस्ततम ट्रैक से जुड़ेगा, जिससे लालसोट का बड़े शहरों से सीधा रेल संपर्क होगा और ट्रेनों के समय व संचालन खर्च में बचत होगी।

(नि.प्र.)
लालसोट.

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *