मैच से पहले LSG के कोच ने ऋषभ पंत की बल्लेबाजी पोजिशन को उजागर करने से मना कर दिया था, ताकि DC को रणनीति बनानी पड़े। हालांकि मैच में इसका कोई फायदा नहीं हुआ।
LSG vs DC, IPL 2026: आईपीएल 2026 के पांचवें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) और दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) आमने-सामने हैं। यह मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 142 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स 18.4 ओवर में 141 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली के लिए लुंगी एनगिडी (Lungi Ngidi) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर 3 विकेट लिए।
पंत हुए ओपनिंग में फेल
इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल (Axar Patel) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लखनऊ की पारी की शुरुआत ऋषभ पंत और मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) ने की। सीजन से पहले टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने यह साफ नहीं किया था कि पंत किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, लेकिन उनकी रणनीति ज्यादा काम नहीं आई और पंत तीसरे ओवर में सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद एडेन मार्करम (11), आयुष बदोनी (0) और निकोलस पूरन (8) जल्दी आउट हो गए। मिचेल मार्श ने 28 गेंद में 35 रन बनाए, लेकिन 71 के स्कोर पर वह भी पवेलियन लौट गए। इस स्कोर पर लखनऊ की आधी टीम आउट हो चुकी थी। इसके बाद टीम का 100 रन तक पहुंचना भी मुश्किल लग रहा था, लेकिन अब्दुल समद ने 25 गेंद में 36 रन बनाकर टीम को संभाला। वहीं, मुकुल चौधरी ने 14 और शाहबाज अहमद ने 15 रन की पारी खेली, जिससे टीम 141 तक पहुंच सकी।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मुकेश कुमार ने 3 ओवर में 17 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। लुंगी एनगिडी ने 3.4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए। टी नटराजन ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि कप्तान अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 17 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। अब दिल्ली कैपिटल्स को मैच जीतने के लिए 142 रन बनाने होंगे।
Sports – Patrika | CMS


