पुष्कर में कल से 24 घंटे की अखंड राम-नाम परिक्रमा:171 अरब रामनाम महायज्ञ का शुभारंभ होगा, हनुमान जन्मोत्सव पर होगा आयोजन

पुष्कर में कल से 24 घंटे की अखंड राम-नाम परिक्रमा:171 अरब रामनाम महायज्ञ का शुभारंभ होगा, हनुमान जन्मोत्सव पर होगा आयोजन

अजमेर जिले के पुष्कर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को धार्मिक आयोजन किया जाएगा। श्री राम नाम महामंत्र परिक्रमा समारोह समिति, अजमेर के तत्वावधान में 24 घंटे की अखंड राम नाम परिक्रमा का शुभारंभ सुबह 9 बजे श्रीराम नामालय, पंच पीपली चौराहा रोड पर होगा। इस दौरान 171 अरब हस्तलिखित श्रीराम नाम महामंत्रों की स्थापना भी की जाएगी। आयोजन में देशभर के संत-महात्माओं का सानिध्य मिलेगा। महोत्सव में महामंडलेश्वर स्वामी प्रखर महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही विभिन्न आश्रमों और मंदिरों के संतों का भी सान्निध्य प्राप्त होगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अजमेर महानगर संघचालक खुशालचंद चौहान और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी भी शामिल होंगे। समिति के संयोजक कंवल प्रकाश किशनानी ने बताया कि यह आयोजन राम नाम सतत परिक्रमा महोत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य नागरिक और समाजसेवी भी भाग लेंगे। समिति के अनुसार श्रीराम नामालय का प्रथम चरण 22 अप्रैल 2023 से प्रारंभ होकर पूर्ण हो चुका है। श्री मानव मंगल सेवा न्यास के अंतर्गत संचालित ‘श्रीराम नाम धन संग्रह बैंक’ के माध्यम से देशभर में लगभग 70 हजार सदस्य जुड़ चुके हैं और करीब 150 शाखाएं संचालित हो रही हैं। राम नाम लेखन अभियान के तहत अब तक 171 अरब से अधिक बार राम नाम लिखकर संकलित किया जा चुका है। यह अभियान 1 अप्रैल 1987 से लगातार जारी है। श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिनमें राम नाम लिखकर वापस जमा कराया जाता है और उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाता है। आयोजन समिति ने बताया कि राम नाम के माध्यम से आध्यात्मिक समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है। मान्यता है कि राम नाम में अपार शक्ति निहित है, जो दुखों का निवारण कर सुख और शांति प्रदान करती है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *