ग्वालियर | मौजूदा वित्त वर्ष मंगलवार 31 मार्च को खत्म हो गया। अंतिम दिन मंगलवार को ट्रेजरी में भुगतान के लिए बहुत कम बिल पहुंचे। वहीं पंजीयन दफ्तर में भीड़ रही । दस्तावेज पंजीयन काम रात 10 बजे के बाद तक चला। एक अप्रैल को ट्रेजरी में काम नहीं होगा। पंजीयन दफ्तर में भी नई गाइड लाइन को लेकर होमवर्क चलेगा। इस कारण अगले दो दिन यहां काम बंद सा रहेगा। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अरविंद शर्मा ने कहा कि पिछले 10 दिन में लगभग 171 करोड़ रुपए के बिल लगे। यह अन्य महीनों की तुलना में ज्यादा रहे। मंगलवार को संख्या 95 तक रही। उन्होंने कहा कि नए वित्त वर्ष का बजट 1 अप्रैल के बाद आएगा। इसलिए अप्रैल में मिलने वाला वेतन 1-2 दिन देरी से मिल सकता है। इससे लगभग 35 हजार अधिकारी-कर्मचारी प्रभावित होंगे। वहीं जिला पंजीयक अशोक शर्मा ने कहा कि रात 10 बजे तक 700 से ज्यादा दस्तावेज पंजीयन हो चुके थे। इससे विभाग को 18 करोड़ से ज्यादा राजस्व मिला। इस बार लगभग 8 हजार रजिस्ट्री कम हुई हैं, सालाना लक्ष्य भी करीब 150 करोड़ कम रहा है।


