संभल में स्कूटी सवार युवक की सड़क हादसे में मौत:ट्रक ने रौंदा, 8 घंटे इलाज के बाद तोड़ा दम

संभल में स्कूटी सवार युवक की सड़क हादसे में मौत:ट्रक ने रौंदा, 8 घंटे इलाज के बाद तोड़ा दम

संभल में एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार मजदूर की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक चेचिस ने उसकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने 8 घंटे के इलाज के बाद दम तोड़ दिया। यह दुर्घटना संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के बहजोई रोड स्थित मोहल्ला चौधरी सराय में हुई। मजदूर होटल पर मजदूरी करने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान 39 वर्षीय देशराज सिंह पुत्र हरदेव सिंह के रूप में हुई है, जो छरैरा, थाना हजरतनगर गढ़ी का निवासी था। हादसा रविवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ था। घायल देशराज सिंह को यातायात पुलिसकर्मी राजकुमार शर्मा और चौधरी सराय पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल शेर सिंह ने ई-रिक्शा से जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया था। प्राथमिक उपचार के बाद, देशराज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने के एक घंटे बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और बेहतर इलाज के लिए उसे अपने साथ एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, हालत बिगड़ने पर परिजन उसे वापस जिला संयुक्त चिकित्सालय लाए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रात करीब 8 बजे उसकी मौत हुई। इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में स्कूटी सवार मजदूर की मौत हुई है। दोपहर में उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *