लखनऊ के अलीगंज स्थित असेंबली ऑफ बिलीवर्स चर्च में रविवार को पाम संडे का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरे रंग के वस्त्र पहनकर चर्च पहुंचे, जहां खजूर के पत्तों से सजावट की गई थी। कार्यक्रम की शुरुआत सिस्टर वर्तिका के स्वागत संबोधन और प्रार्थना से हुई। इसके बाद शोभित और वर्शिप टीम ने ‘देख तेरा राजा आता है’ गीत प्रस्तुत किया। उपस्थित लोगों ने भी स्तुति में भाग लिया, जिससे चर्च परिसर भक्तिमय हो गया। लोगों से प्रेम और करुणा के मार्ग पर चलने का आह्वान युवाओं ने इस मौके पर विशेष आराधना प्रस्तुत की। अर्पण शालोम, सुरभि और एलन ने भी भक्ति गीत गाए। स्नेहा, अंजलि गुप्ता और पादरी उपेंद्र ने बाइबिल के संदर्भों के माध्यम से पाम संडे के महत्व को समझाया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सीनियर पादरी डॉ. मॉरिस कुमार का संदेश रहा। उन्होंने कहा कि पाम संडे हमें प्रभु यीशु के दयालु और विनम्र राजा के रूप में जीवन में प्रवेश की याद दिलाता है। उन्होंने लोगों से प्रेम, करुणा और विश्वास के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। रोहित और ओसविन ने भी स्तुति आराधना के गीत प्रस्तुत किए, जिससे माहौल और अधिक आध्यात्मिक बना। इस अवसर पर मीनाक्षी के मार्गदर्शन में बच्चों ने प्रभु यीशु के यरूशलेम में विजयी प्रवेश की घटना को एक स्किट के माध्यम से जीवंत किया। बच्चों की प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।


