नेशनल हाईवे के पास रुई के गोदाम में लगी आग, लाखों का माल जलकर हुआ राख

नेशनल हाईवे के पास रुई के गोदाम में लगी आग, लाखों का माल जलकर हुआ राख

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। बहरोड़ क्षेत्र के गांव गुंती में नेशनल हाईवे-48 स्थित फ्लाईओवर के पास एक कारपेट रुई के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुआं

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग रविवार दोपहर करीब 12 बजे लगी। रुई अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं और धुआं इतना घना था कि कई किलोमीटर दूर से भी इसे साफ देखा जा सकता था। हाईवे के पास धुएं के कारण वाहन चालकों को भी कुछ समय के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।

लाखों का नुकसान, दमकल ने पाया काबू

गोदाम मालिक के अनुसार उन्होंने कारपेट और अन्य माल तैयार करने के लिए करीब 10 लाख रुपए की रुई का स्टॉक जमा किया था। आग की इस घटना में पूरा स्टॉक जलकर राख हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास की अन्य संपत्तियों तक फैलने से रोक लिया गया।

गोदाम मालिक ने जताया शक

इस घटना में गोदाम मालिक ने अपने पड़ोसी पर जानबूझकर आग लगाने का शक जताया है। गोदाम मालिक का आरोप है कि मेरा एक पड़ोसी है जो नशे का आदी है। उसने कुछ समय पहले मुझे सामान हटाने की धमकी दी थी और कहा था कि अगर रुई नहीं हटाई तो वह इसमें आग लगा देगा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। मालिक के आरोपों को ध्यान में रखते हुए साजिश के एंगल से भी मामले की तफ्तीश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *