गुरुग्राम के एमजी रोड स्थित पावर हाउस गेट के पास 22 मार्च को मिले व्यक्ति की पहचान हो गई है। वह दार्जिलिंग का रहने वाला था और गुरुग्राम में कैटरिंग का काम करता था। पुलिस को उसकी डेडबॉडी पोस्टमॉर्टम हाउस से सटे पावर हाउस की दीवार के पास पड़ी मिली थी। पुलिस ने परिजनों के पास सूचना भिजवा दी है। सबसे खास बात यह है कि मृतक की छाती पर अंग्रेजी में ‘निशा’ नाम का टैटू गुदा हुआ पाया गया। यह टैटू शिनाख्त में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ। मृतक का नाम उमेश खाती, निवासी दार्जिलिंग पाया गया है। पुलिस ने उसके फोटो और डिटेल को नॉर्थ ईस्ट के लोगों के लिए काम करने वाली एक संस्था के पदाधिकारियों से शेयर की थी। जिन्होंने मृतक की डिटेल के आधार पर पहचान करवाने में मदद की। पत्नी के नाम का टैटू दरअसल मृतक की छाती पर अंग्रेजी में जो निशा नाम का टैटू गुदा था, वह उसकी पूर्व पत्नी के नाम का था। कई साल पहले पत्नी उससे छोड़कर चली गई थी। उनका तलाक भी हो चुका है और गुरुग्राम में वह अकेला ही रहता था। वह कभी कभी दार्जिलिंग जाता था। जबकि तलाक के बाद अधिकतर समय गुरुग्राम में ही बिताता था। व्यस्त सड़क किनारे मिली डेडबॉडी जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि उसकी बॉडी पेट के बल पड़ी मिली थी। पावर हाउस के सामने ही पेट्रोल पंप है और यहां 24 घंटे आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में संभावना है कि वह गिर गया होगा और उसकी दम घुटने से मौत हो गई। अभी तक किसी भी तरह के क्राइम का तथ्य सामने नहीं आया है। आज होगा पोस्टमॉर्टम उन्होंने बताया कि अभी मौत के स्पष्ट कारण बताना संभव नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह का सही पता चल सकेगा। फिलहाल डेडबॉडी मोर्चरी में रखवाई गई है। आज परिजनों के पहुंचने की संभावना है। उनके आने के बाद ही पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पुलिस अभी यह जांच कर रही है कि मौत प्राकृतिक थी या किसी अन्य कारण से हुई।


