उदयपुर शहर के भुवाणा क्षेत्र में एक आदिवासी परिवार की करोड़ों रुपए की भूमि को कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक हड़पने और पीड़ित परिवार को ही आरोपी बनाए जाने के मामले में कांग्रेस ने आज कलेक्टरी के बाहर प्रदर्शन किया और इसके बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया गया। इस दौरान कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ ने कहा कि इस मामले में आदिवासियों पर अन्याय, सत्ता के दुरुपयोग और न्यायिक आदेशों की अवहेलना की गई है। उदयपुर शहर व देहात जिला कांग्रेस कमेटी के बैनरतले प्रदर्शन में कांग्रेसजनों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार पर ही दबाव बनाकर रजिस्ट्री कराने की कोशिश की गई, जो कानून और कोर्ट के आदेशों की खुली अवहेलना है। प्रदर्शन के बाद राठौड़, देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा के साथ कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई।


