मंडल स्तरीय कर-करेत्तर एवं राजस्व वाद की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने मंडलभर में स्कूल बसों की फिटनेस की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है-स्कूल बसों की फिटनेस का काम तेजी से होना चाहिए। आगरा में ऐसी 250 स्कूल बसें अनफिट घोषित की गई हैं। परिवहन विभाग ने इसकी सूची भी जारी की है।
दरअसल, 11 मार्च को आगरा में 9 साल की छात्रा चलती स्कूल बस से नीचे गिर गई। उसके ऊपर बस का पहिया चढ़ गया। बच्चों ने शोर मचाया तो ड्राइवर ने बस रोकी। छात्रा को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। छात्रा कक्षा एक में पढ़ती थी। आरोप है कि बस जर्जर हालत में थी। सीटों की जगह बच्चों को तख्ते पर बैठाकर लाया और ले जाया जा रहा था। बस की फर्श जगह-जगह टूटी है, उस पर लकड़ी का पटरा रखा गया था। इस घटना ने प्रदेशभर में स्कूल बसों की फिटनेस पर सवाल खड़े कर दिए। शासन-प्रशासन भी हरकत में आया। पिछले दिनों परिवहन विभाग ने आगरा में 250 ऐसी स्कूल बसों की सूची जारी की, जिनकी फिटनेस खत्म हो चुकी है। परिवहन विभाग ने इन बसों में बच्चों को स्कूल न भेजने की अपील की थी। अब मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने मंडल के चारों जिलों (आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी) में स्कूल बसों की फिटनेस तेजी से जांचने के आदेश दिए हैं। मंडलीय कर-करेत्तर की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में बुधवार को मंडल स्तरीय कर-करेत्तर एवं राजस्व वाद की समीक्षा बैठक हुई। इसमें वाणिज्य कर में क्रमिक लक्ष में अन्य जिलों की अपेक्षा मथुरा की वसूली प्रगति अच्छी रही। स्टाम्प और रजिस्ट्रेशन में मैनपुरी और मथुरा की प्रगति अच्छी रही।
आबकारी मद में क्रमिक मासिक लक्ष्य के सापेक्ष मथुरा में अच्छी वसूली हुई। परिवहन मद में आगरा और मथुरा में सबसे कम प्रगति हुई। वित्तीय माह के अंत तक प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। विद्युत मद में आगरा और मथुरा जनपद ने क्रमिक मासिक लक्ष्य से अधिक वसूली की जबकि फिरोजाबाद और मैनपुरी में पूर्ण लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश दिए। खनिज में फिरोजाबाद और मैनपुरी लक्ष्य से काफी पीछे रहे। विधिक माप में मैनपुरी ने पूर्ण लक्ष्य की प्राप्ति की। अन्य जिलों में वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्य देय एवं विविध देय की समीक्षा की गयी। विविध देय में आगरा और फिरोजाबाद में वसूली बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।


