मध्य प्रदेश ने जीता अस्मिता वेस्ट जोन हॉकी लीग खिताब:मेजबान छत्तीसगढ़ उपविजेता, महाराष्ट्र को मिला कांस्य पदक

मध्य प्रदेश ने जीता अस्मिता वेस्ट जोन हॉकी लीग खिताब:मेजबान छत्तीसगढ़ उपविजेता, महाराष्ट्र को मिला कांस्य पदक

राजनांदगांव के अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित ‘अस्मिता वेस्ट जोन सब-जूनियर बालिका हॉकी लीग’ का समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में हॉकी मध्य प्रदेश ने मेजबान छत्तीसगढ़ को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। छत्तीसगढ़ को रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि हॉकी महाराष्ट्र ने कांस्य पदक हासिल किया। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खेल के 18वें मिनट में छत्तीसगढ़ की मनप्रीत कौर ने पहला गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, मध्य प्रदेश ने जल्द ही वापसी की। 23वें मिनट में शालिनी सिंह ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मध्य प्रदेश की टीम ने मैच पर पूरी तरह से पकड़ बना ली। 25वें मिनट में रूली बाल्मीकि ने दूसरा गोल किया, जिसके बाद 34वें मिनट में सुदीप्त किंडो ने स्कोर 3-1 कर दिया। नौशीन नाज़ ने 40वें और 41वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर मध्य प्रदेश की जीत सुनिश्चित की। विजेता खिलाड़ियों को किया गया पुरस्कृत प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि भारती गवाते और विशिष्ट अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। टूर्नामेंट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1,80,000 रुपए, द्वितीय को 1,44,000 रुपए और तीसरे व चौथे स्थान की टीमों को 90,000 रुपए के चेक प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि आज प्रदेश की बेटियां भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जो गौरव की बात है। उन्होंने जोर दिया कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी के प्रयासों की भी सराहना की। इस लीग में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और मेजबान छत्तीसगढ़ की टीमों ने भाग लिया था। इसका आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), हॉकी इंडिया और छत्तीसगढ़ हॉकी के संयुक्त प्रयास से किया गया था। कार्यक्रम में पार्षद अमृता मोहन सिन्हा, रेखा पदम, छोटे लाल रामटेके, फिरोज अंसारी, शिव नारायण धकेता, मृणाल चौबे सहित खेल जगत की कई गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *