Iran-Israel War: ईरान-इजरायल के बीच 28 फरवरी से शुरू हुई जंग जारी है। इस संघर्ष के बीच बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के विषय में चौंकाने वाला दावा किया है। नेतन्याहू ने ईरान को दुनिया के लिए खतरा बताया है। उन्होंने ऐसा क्यों कहा, इसकी वजह भी बताई है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को दुनियाभर के नेताओं से अपील की कि वे ईरान के खिलाफ इजरायल और अमेरिका के युद्ध प्रयासों में शामिल हों। उन्होंने इजरायली क्षेत्र पर हाल ही में हुए हमलों का हवाला देते हुए कहा कि ये हमले एक बढ़ते वैश्विक खतरे का सबूत हैं। इजरायल के अराद में ईरान द्वारा किए गए एक मिसाइल हमले का उदाहरण दिया। नेतन्याहू ने कहा कि ईरान न केवल इजरायल के लिए, बल्कि पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए भी खतरा पैदा कर रहा है।
नेतन्याहू का दावा- ईरान पूरी दुनिया के लिए खतरा
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अराद में हुए मिसाइल हमले का उदाहरण देकर कहा- अगर आपको इस बात का सबूत चाहिए कि ईरान पूरी दुनिया के लिए खतरा है तो पिछले 48 घंटों ने यह साबित कर दिया है। पिछले 48 घंटों में ईरान ने आम नागरिकों के इलाके को निशाना बनाया है। नेतन्याहू ने चेतावनी दी है कि अब ईरान के पास यूरोप के अंदर तक पहुंचने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि ईरान के मिसाइल खतरे, जिनमें लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों की लॉन्चिंग भी शामिल है। यह पूरी दुनिया को अपनी जद में ले सकती है। इनके लिए एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया की जरूरत है।
ईरान ने नागरिक इलाकों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान ने यरुशलम में नागरिक इलाकों और प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया है, जिनमें वेस्टर्न वॉल, चर्च ऑफ द होली सेपल्चर और अल-अक्सा मस्जिद शामिल हैं। ईरान सामूहिक हत्या के हथियार के तौर पर ऐसा कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि खुशकिस्मती से ईरान के इन हमलों में कोई मारा नहीं गया, लेकिन ऐसा किस्मत की वजह से हुआ, न कि उनके इरादे की वजह से।
ईरान का इरादा नागरिकों की हत्या करना है
हालिया समय में हुए हमलों पर बात करते हुए बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान का इरादा नागरिकों की हत्या करना है। दूसरी बात यह है कि उन्होंने यरुशलम पर हमला किया, जो 3 एकेश्वरवादी धर्मों के पवित्र स्थलों वेस्टर्न वॉल, चर्च ऑफ द होली सेपल्चर और अल-अक्सा मस्जिद के ठीक बगल में स्थित है।
ईरानी हमलों में किसी को क्षति नहीं होना चमत्कार
नेतन्याहू ने कहा कि एक चमत्कार की बदौलत, एक बार फिर ईरान के हमलों से किसी को भी चोट नहीं आई, लेकिन वे 3 प्रमुख एकेश्वरवादी धर्मों के पवित्र स्थलों को निशाना बना रहे थे। ईरान ने लंबी दूरी तक मार करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है, जिसमें काफी दूर तक मिसाइलें दागना और समुद्री व ऊर्जा गलियारों सहित रणनीतिक मार्गों को निशाना बनाना शामिल है।
दुनिया के लिए काम कर रहा अमेरिका-इजरायल
बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि इजरायल और अमेरिका पूरी दुनिया के लिए मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने आगे कहा- अब समय आ गया है कि बाकी देशों के नेता भी इसमें शामिल हों। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि मैं देख सकता हूं कि उनमें से कुछ लोग उस दिशा में आगे बढ़ना शुरू कर रहे हैं। नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपीलों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की कार्रवाई केवल इजरायल और अमेरिका के लिए नहीं, बल्कि वैश्विक सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।


