रात में मूवी, दिन में खंडाला में सूर्योदय देखने का प्लान… भयानक हादसे में IIT बॉम्बे के 3 छात्रों की मौत

रात में मूवी, दिन में खंडाला में सूर्योदय देखने का प्लान… भयानक हादसे में IIT बॉम्बे के 3 छात्रों की मौत

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे के तीन होनहार छात्रों की जान चली गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ये छात्र खंडाला में सूर्योदय देखकर वापस अपने मुंबई स्थित कैंपस लौट रहे थे, तभी पनवेल के पास एक्सप्रेसवे के एग्जिट के करीब उनकी एसयूवी (SUV) अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हुआ है।

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय श्रेयांश शर्मा (Shreyash Sharma), 23 वर्षीय ओमकुमार बोरसे (Omkar Borse) और 20 वर्षीय लय देशभ्रतार (Lay Deshbharat) के रूप में हुई है। यह हादसा सुबह करीब 9 बजे के आसपास हुआ। हादसा इतना भीषण था की एसयूवी के परखच्चे उड़ गए और कुछ शवों को निकालने के लिए बचावकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा

पनवेल तालुका पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक गजानन घाडगे ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब छात्रों की कार एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। जब मुख्य लेन से ओवरटेक करना संभव नहीं हुआ, तो चालक ने सर्विस रोड से आगे निकलने की कोशिश की। ट्रक और सर्विस रोड के बीच जगह कम होने के कारण कार फंस गई और असंतुलित होकर कई बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीनों छात्रों को गंभीर चोटें आईं। हालांकि उन्हें तुरंत पनवेल के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

फिल्म देखने के बाद बनाया था खंडाला जाने का प्लान

जांच में यह बात सामने आई है कि छात्रों का समूह बुधवार रात को फिल्म देखने गया था। फिल्म देखने के बाद, उन्होंने अचानक गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे सूर्योदय देखने के लिए खंडाला जाने का मन बनाया। श्रेयांश, ओमकुमार और लय के साथ उनके तीन अन्य दोस्त भी दो अलग-अलग वाहनों में सवार थे। पुलिस ने साथ गए अन्य छात्रों के बयान दर्ज किए हैं।

IIT बॉम्बे में शोक की लहर

इस हादसे की खबर मिलते ही IIT बॉम्बे संस्थान में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक छात्रों में श्रेयांश शर्मा राजस्थान के जयपुर के रहने वाले थे और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक चौथे वर्ष के छात्र थे। ओमकुमार बोरसे नासिक के थे और लय नागपुर का निवासी था, दोनों क्रमशः एयरोस्पेस और फिजिक्स ब्रांच में तीसरे वर्ष के छात्र थे।

संस्थान प्रशासन ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों के पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

पुलिस ने क्या कहा?

पनवेल पुलिस के मुताबिक, पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खोपोली के पास एक कार दुर्घटना में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल छात्र का इलाज खालापुर में चल रहा है। मृतकों के शवों को कलांबोली स्थित एमजीएम अस्पताल में ले जाया गया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ देर के लिए रुक गया। राजमार्ग पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रण में किया। फ़िलहाल आगे की जांच चल रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *