जनजातीय नृत्य, संगीत और शिल्प कलाओं को समर्पित 3 दिवसीय ‘आदिरंग’ महोत्सव का शुभारंभ 20 मार्च को नया हरसूद के स्टेडियम ग्राउंड में शाम 6.30 बजे होगा। यह आयोजन 20 से 22 मार्च तक चलेगा, जिसमें प्रदेश और देशभर की जनजातीय कला व संस्कृति की विविध प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इस आयोजन में प्रवेश पूर्णतः निशुल्क रहेगा। कार्यक्रम के पहले दिन मुख्य अतिथि जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह रहेंगे। दूसरे दिन केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि होंगे, जबकि तीसरे दिन महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति रहेगी। तीनों दिनों में विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं जनप्रतिष्ठित लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। तीन दिन, अलग-अलग कार्यक्रम 20 मार्च (शुक्रवार): भीली जल कथा नृत्य-नाट्य, भगोरिया नृत्य, करमा-फाग, राठवा होली और सिंगारी नृत्य जैसी प्रस्तुतियां होंगी। 21 मार्च (शनिवार): भीली गायन, नर्मदा प्रवाह नृत्य-नाटिका, बरेदी, लहंगी, गणगौर और ढीमसा नृत्य दर्शकों को आकर्षित करेंगे। 22 मार्च (रविवार): वीरांगना रानी दुर्गावती नृत्य-नाट्य, मटकी नृत्य, करमा सैला, ठाट्या, गुसाड़ी और नटुआ नृत्य के साथ महोत्सव का समापन होगा। प्रदर्शनी भी रहेंगी आकर्षण का केंद्र प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्री विजय शाह ने बताया कि, तीन दिन तक चलने वाले महोत्सव के दौरान जनजातीय जननायकों पर आधारित जननायक प्रदर्शनी और मां नर्मदा पर केंद्रित गोंड जनजातीय गीतों व कथाओं की चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जनजातीय कार्य विभाग, जनजातीय लोक कला व बोली विकास अकादमी भोपाल और जिला प्रशासन खंडवा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय परंपरा, लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान करना है।


