भुवाणा-नवरत्न में खुला 80 फीट सड़क का बॉटलनेक, शहरवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

भुवाणा-नवरत्न में खुला 80 फीट सड़क का बॉटलनेक, शहरवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

साइफन चौराहे से मेवाड़ 100 फीट रोड तक मार्ग हुआ सुगम, फतहपुरा और आरके सर्कल का ट्रैफिक होगा कम

उदयपुर. भुवाणा-नवरत्न क्षेत्र में लंबे समय से यातायात में बाधा बन रहा 80 फीट मुख्य सड़क का बॉटलनेक आखिरकार खोल दिया। उदयपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को राजस्व ग्राम भुवाणा के नवरत्न क्षेत्र में मास्टर प्लान के तहत यह कार्रवाई कर मार्ग को सुचारू कराया। इससे अब साइफन चौराहे से आने वाला मार्ग सीधे मेवाड़ 100 फीट रोड से जुड़ गया। इससे शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। यह कार्रवाई यूडीए आयुक्त राहुल जैन के निर्देशन में हुई। इससे क्षेत्र के निवासियों और रोज आवागमन करने वालों को राहत मिलेगी।

मास्टर प्लान के तहत हटाया अवरोध

यूडीए के अनुसार राजस्व ग्राम भुवाणा तहसील बड़गांव के नवरत्न क्षेत्र में मास्टर प्लान के अंतर्गत प्रस्तावित 80 फीट चौड़ी मुख्य सड़क लंबे समय से संकरी स्थिति में थी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। तहसीलदार अभिनव शर्मा के नेतृत्व में राजस्व टीम ने खातेदारों से वार्ता कर समझाइश दी। इसके बाद आराजी संख्या 1086 के खातेदार बंशीलाल, हमागीलाल और जितेश कुमावत ने जनहित में मार्गाधिकार खोलने की अनुमति दी। यह सड़क साइफन चौराहे से आने वाले मार्ग को मेवाड़ 100 फीट रोड से जोड़ती है, जिससे क्षेत्र का यातायात नेटवर्क और अधिक सुगम हो सकेगा।

यातायात का दबाव घटेगा, लोगों को मिलेगी राहत

यूडीए अधिकारियों का कहना है कि इस मार्ग के खुलने से फतहपुरा चौराहा और आरके सर्कल से भुवाणा चौराहा जाने वाले वाहनों का दबाव काफी हद तक कम होगा। इससे शहर के पश्चिमी क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या में भी राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान प्राधिकरण की राजस्व टीम और निर्माण शाखा के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान एक्सईएन नीरज माथुर, तहसील शाखा के निरीक्षक राजेश मेहता, प्रताप सिंह, पटवारी दीपक जोशी सहित अन्य कर्मचारी और जाप्ता भी मौजूद रहा।

प्राधिकरण क्षेत्राधिकार में अभी कई स्थानों पर ऐसे बॉटलनेक हैं जिन्हें खोलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी मास्टर प्लान के अनुरूप सड़क मार्गों को व्यवस्थित कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्रवाई जारी रहेगी।

राहुल जैन, यूडीए आयुक्त

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *