एटा में एक विवाहिता के साथ अतिरिक्त दहेज की मांग की। जिसकी मांग पूरी न करने और देवर से अवैध संबंध बनाने से इनकार करने पर पति ने महिला को रस्सियों से बांधकर पीटा। सिर के बाल मुंडवा दिए। बेसुध हालत में घर के बाहर ट्यूबवेल के पास फेंक दिया। मामला रिजोर थाना क्षेत्र का है। परिजनों ने महिला को अचेत अवस्था में पाया और तुरंत उसे वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी पति योगेश उर्फ कन्हैया निवासी हटौली, थाना एका, फिरोजाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 4 साल पहले हुई थी शादी पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 2022 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से ही पति योगेश, सास दाग श्री, देवर रंजीत और दानवीर सहित अन्य परिजन दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। महिला का एक 3 वर्षीय बेटा भी है। पीड़िता के अनुसार, बीते सोमवार को पति ने उसे अपने भाई के साथ अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। विरोध करने पर उसे बांधकर लाठी-डंडों से पीटा गया। उसके बाल काट दिए गए। आरोप है कि पति ने उसे मरा समझकर घर के बाहर फेंक दिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया- परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


