जगराओं के थाना सिधवां बेट के अधीन आते गांव जंडी में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए घरेलू विवाद में बेटे ने अपने पिता का मर्डर कर दिया। मृतक की पहचान हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटा जसकरन सिंह है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटना स्थल से अहम साक्ष्य जुटा रही है। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। खून से लथपथ हालत में मिला शव मृतक के भतीजे कुलजिंदर सिंह ने बताया कि हरजिंदर सिंह मंगलवार को गांव में चल रहे टूर्नामेंट को देखकर घर लौटे थे। उन्होंने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। बुधवार दोपहर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो लोगों को शक हुआ। कुलजिंदर सिंह सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और दीवार फांदकर अंदर गए, जहां उनके चाचा खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज, पूछताछ कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही थाना सिधवां बेट की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे जसकरन सिंह को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हरजिंदर सिंह ने पहली पत्नी की मौत के 22 साल करवाई थी शादी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी इस हत्या की ओर इशारा कर रही है। हरजिंदर सिंह ने अपनी पहली पत्नी की मौत के बाद करीब 22 साल पहले दूसरी शादी की थी। उनका एक बेटा विदेश में रहता है, जबकि दूसरा बेटा खेती करता है। परिजनों का आरोप है कि मृतक की पत्नी और बेटा अकसर उनसे झगड़ा करते रहते थे और कई-कई दिन घर से अलग रहते थे। वहीं, मृतक की पत्नी ने दावा किया है कि घटना के समय वह और उनका बेटा घर पर मौजूद नहीं थे। उनके अनुसार, हरजिंदर सिंह घर में अकेले थे।


