गंगा एक्सप्रेस-वे पर लगे सोलर पैनल और कैमरे चोरी हुए:उन्नाव में सुरक्षाकर्मी के सामने ही नया लगाने के बहाने पुराना खोल ले गए

गंगा एक्सप्रेस-वे पर लगे सोलर पैनल और कैमरे चोरी हुए:उन्नाव में सुरक्षाकर्मी के सामने ही नया लगाने के बहाने पुराना खोल ले गए

उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण स्थल से लाखों रुपये के सोलर उपकरण और हाई-टेक कैमरे चोरी हो गए हैं। इस मामले में एक्सप्रेस-वे पर पहले काम कर चुके एक व्यक्ति को नामजद किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एस.पी. इंटरप्राइजेज के सुरक्षाकर्मी सुजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वे गंगा एक्सप्रेस-वे के पैकेज-10 पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। बीती 2 और 3 मार्च की रात चैनेज संख्या 456 (ग्राम उचवा) के पास गश्त के दौरान उन्होंने एक लोडर को खड़ा देखा, जहां कुछ लोग सोलर पैनल और कैमरे खोल रहे थे। सुजीत सिंह के अनुसार, मौके पर मौजूद अजय नामक व्यक्ति ने, जो पहले वहीं सोलर सिस्टम लगाने का काम करता था, बताया कि वह पुराने सिस्टम को हटाकर नया लगाने के लिए इसे खोल रहा है। हालांकि, अगले दिन सुबह अधिकारियों ने बताया कि वहां से 10 सोलर पैनल, 2 इनवर्टर और 4 कैमरों की चोरी हो गई है। जब आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो वह टालमटोल करने लगा। बिहार थाना पुलिस ने सुजीत सिंह की तहरीर पर आरोपी अजय और उसके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) के तहत चोरी का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। चोरी की सूचना देने में देरी का कारण यह बताया गया कि सुरक्षाकर्मी सामान वापस पाने के लिए आरोपी से लगातार फोन पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *