Nimisha Nair Harassment Case: मुंबई जैसे महानगर को अक्सर सुरक्षित और जागरूक शहर के तौर पर देखा जाता है, लेकिन हाल ही में सामने आई एक घटना ने इस दावे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिनेत्री निमिषा नायर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया है कि उनके साथ सड़क पर बदसलूकी और धमकी दी गई। ये घटना न सिर्फ चौंकाने वाली है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बहस को तेज कर रही है।
सुबह के सन्नाटे में डरावना अनुभव (Nimisha Nair Harassment Case)
बताया जा रहा है कि ये घटना मंगलवार तड़के करीब 4:50 बजे की है, जब निमिषा नायर बांद्रा ईस्ट के खेरवाड़ी फ्लाईओवर से गुजर रही थीं। उस समय वह एक कैब में सफर कर रही थीं। तभी अचानक दो युवक, जो कथित तौर पर नशे में थे, उनकी गाड़ी के सामने आ गए और रास्ता रोकने की कोशिश करने लगे।
अभिनेत्री के मुताबिक, ये विवाद ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुआ, लेकिन जल्द ही ये आक्रामक व्यवहार में बदल गया। दोनों युवकों ने गाड़ी को रोकने के लिए अपनी स्कूटर बीच सड़क पर खड़ी कर दी और ड्राइवर को डराने-धमकाने लगे।
गाली-गलौज और जबरन गाड़ी खोलने की कोशिश (Nimisha Nair Harassment Case)
निमिषा ने अपने पोस्ट में बताया कि आरोपियों ने न केवल अपशब्द कहे बल्कि गाड़ी के दरवाजे खोलने की भी कोशिश की। उन्होंने बार-बार उन्हें खिड़की खोलने के लिए कहा, लेकिन सुरक्षा कारणों से अभिनेत्री और ड्राइवर ने ऐसा नहीं किया।
घटना के दौरान सड़क पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। जब निमिषा ने वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया, तब जाकर आरोपी वहां से भागने लगे। जाते-जाते उन्होंने गाड़ी की नकली तस्वीर लेने की कोशिश भी की।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और मुंबई में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। कई यूजर्स ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने लिया संज्ञान
मामले की जानकारी मिलते ही खेरवाड़ी पुलिस ने अभिनेत्री से संपर्क किया। हालांकि उस समय वह अपने काम में व्यस्त थीं, लेकिन उन्होंने जल्द ही पुलिस से संपर्क कर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
महिलाओं की सुरक्षा पर फिर बहस
यह घटना एक बार फिर इस सवाल को सामने लाती है कि आखिर महिलाओं के लिए सड़कें कितनी सुरक्षित हैं? बड़े शहरों में भी इस तरह की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि सुरक्षा के दावे अभी अधूरे हैं।
निमिषा नायर का यह अनुभव सिर्फ एक व्यक्ति की कहानी नहीं, बल्कि उन हजारों महिलाओं की आवाज है जो रोजाना इस तरह के खतरों का सामना करती हैं। जरूरत है कि प्रशासन और समाज मिलकर ऐसे मामलों में सख्ती दिखाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


