SI Exam: 7.70 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम; पेपर लीक पर जीरो टॉलरेंस

SI Exam: 7.70 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम; पेपर लीक पर जीरो टॉलरेंस

Sub Inspector Recruitment 2025: जयपुर. उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक और कड़े प्रबंध किए हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।

सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि 5 और 6 अप्रैल को होने वाली परीक्षा को पूरी सतर्कता और मजबूत निगरानी के साथ संपन्न कराया जाए। यह परीक्षा राज्य के 41 शहरों में स्थित 1174 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। इतने बड़े स्तर पर आयोजित हो रही परीक्षा को देखते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव ने संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टरों और पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सतत निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। प्रश्न पत्रों की गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके सुरक्षित भंडारण, परिवहन और समय पर वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने और डमी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए जाएंगे।

परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी, फ्लाइंग स्क्वॉड की तैनाती और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी अनिवार्य की गई है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्रों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों की पहचान के लिए क्यूआर कोड युक्त प्रवेश पत्र, फोटो पहचान पत्र और वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे बहु-स्तरीय सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।

बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने परीक्षा को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए कहा कि इसकी योजना पूरी गंभीरता के साथ बनाई जानी चाहिए। वहीं राजस्थान लोक सेवा आयोग के अधिकारियों ने भी पुराने अनुभवों से सीख लेकर इस बार शत-प्रतिशत पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

न्यूज बॉक्स 1
परीक्षा की मुख्य जानकारी
तारीख: 5-6 अप्रैल 2026
केंद्र: 1174
शहर: 41
अभ्यर्थी: लगभग 7.70 लाख

न्यूज बॉक्स 2
सुरक्षा के प्रमुख उपाय
पेपर लीक पर जीरो टॉलरेंस नीति
वीडियोग्राफी और फ्लाइंग स्क्वॉड की निगरानी
क्यूआर कोड आधारित प्रवेश पत्र
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *