उत्तर गुजरात के सभी 1905 शाखा डाकघर सिल्वर पोस्टल वॉरियर, अहमदाबाद और पाटण मंडल गोल्ड वॉरियर

उत्तर गुजरात के सभी 1905 शाखा डाकघर सिल्वर पोस्टल वॉरियर, अहमदाबाद और पाटण मंडल गोल्ड वॉरियर

अहमदाबाद. भारतीय डाक के उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के सभी 1905 शाखा डाकघरों को न्यूनतम 100 व्यावसायिक अंक प्राप्त करने पर सिल्वर पोस्टल वॉरियर, अहमदाबाद और पाटण मंडल को गोल्ड वॉरियर घोषित किया गया है। इसके अतिरिक्त मार्च मध्य तक 1000 से अधिक शाखा डाकघर गोल्ड वॉरियर, 125 शाखा डाकघर डायमंड वॉरियर तथा 20 शाखा डाकघर प्लेटिनम वॉरियर घोषित किए गए। उत्तर गुजरात क्षेत्र के सभी 6 मंडलों को सिल्वर वॉरियर घोषित किया।
डाक सेवा, जन सेवा के तहत डाक सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने अभियान आरंभ किया। सितंबर 2025 में शाखा डाकघर स्तर पर शुरू किए गए पोस्टल वॉरियर अभियान को फरवरी 2026 में उप डाकघर और प्रधान डाकघरों तक भी विस्तारित किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को डाक नेटवर्क से जोड़ना तथा अंतिम छोर तक व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाकर वित्तीय समावेशन भी सुनिश्चित करना है।
यादव ने बताया कि इस अभियान के तहत पोस्टल वॉरियर्स की चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। शाखा डाकघर 100 अंक प्राप्त करने पर सिल्वर वॉरियर, 250 अंक पर गोल्ड वॉरियर, 500 अंक पर डायमंड वॉरियर तथा 1000 अंक प्राप्त करने पर प्लेटिनम वॉरियर के रूप में घोषित किए जाते हैं। शाखा डाकघरों का मूल्यांकन चार प्रमुख व्यावसायिक मानकों के आधार पर किया जाता है। अभियान के तहत प्रत्येक नई व्यावसायिक गतिविधि के लिए बिजनेस पॉइंट्स निर्धारित किए गए हैं।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद में कुल 2,258 डाकघर हैं, जिनमें 9 प्रधान डाकघर, 344 उप डाकघर और 1905 शाखा डाकघर कार्यरत हैं। यहां अहमदाबाद, गांधीनगर, साबरकांठा, मेहसाणा, पाटण और बनासकांठा तथा एक रेलवे मेल सर्विस एएम सहित 6 डाक मंडल शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *