Pune: आवारा कुत्तों ने महिला को नोच-नोच कर मार डाला, निर्वस्त्र हालत में मिला शव

Pune: आवारा कुत्तों ने महिला को नोच-नोच कर मार डाला, निर्वस्त्र हालत में मिला शव

महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है। आंबेठाण चौक इलाके में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक महिला की पहचान शोभा विजय वाघमारे (32) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नांदेड जिले के देगलूर की रहने वाली थीं और फिलहाल चाकण इलाके में रह रही थीं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

15 मिनट तक चलता रहा मौत का तांडव

मिली जानकारी के अनुसार, 16 मार्च की रात करीब 2 बजे शोभा वाघमारे आंबेठाण चौक के पास स्थित फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड से गुजर रही थीं। उसी दौरान करीब छह आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि शोभा काम पर से घर लौट रही थीं।

हमले का यह पूरा दृश्य वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में दिख रहा है कि 32 वर्षीय शोभा ने खुद को बचाने के लिए जमीन से पत्थर उठाकर कुत्तों को भगाने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों की झुंड के सामने वह खुद को बचा नहीं सकीं। सभी कुत्तों ने उसे घेर लिया और काटने लगे, जिससे वह जमीन पर गिर गई और फिर कभी उठ नहीं पाई।

शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर जख्म

कुत्तों ने महिला के हाथ, पैर, चेहरे और गर्दन पर काटा। उसे कई जगह गंभीर जख्म थे। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण कुछ ही मिनटों में मौके पर ही मौत हो गई।

पहले हत्या और दुष्कर्म का था शक

सुबह जब स्थानीय लोगों ने महिला का शव सड़क पर नग्न अवस्था में देखा, तो पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। शरीर पर कपड़े न होने और चोटों के निशान देखकर शुरुआत में यह आशंका जताई जा रही थी कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, जब पुलिस ने पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो सच्चाई सामने आई। फुटेज से साफ हो गया कि महिला की मौत आवारा कुत्तों के हमले में हुई है। कुत्तों ने महिला को इतनी बुरी तरह नोचा था कि शरीर के कपड़े तक फट गए थे।

इलाके में बढ़ा डर, कार्रवाई की मांग

इस घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्तों की दरिंदगी साफ देखी जा सकती है।

इस घटना के बाद चाकण क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके आतंक को लेकर फिर से चिंता बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने और आवारा कुत्तों की समस्या पर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *