देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। किसान खेत के लिए खाद लेने जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद परिवार में दुख का माहौल है। मृतक की पहचान जंगल छपौली गांव निवासी 65 वर्षीय विक्रम निषाद पुत्र गंगा निषाद के रूप में हुई है। विक्रम निषाद पेशे से किसान थे। सोमवार दोपहर वे गांव के पास स्थित छपौली जंगल चौराहे पर डाई-खाद लेने जा रहे थे। चौराहे के पास एक दुकान के नजदीक पहुंचते ही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विक्रम निषाद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किसान को एंबुलेंस से देवरिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया। परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विक्रम निषाद को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे में शामिल बाइक चालक की तलाश जारी है। मृतक के घर में शोक का माहौल है। उनके बेटे विजय निषाद और पत्नी आशा गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने बताया कि विक्रम निषाद खेतों के लिए खाद लेने निकले थे, लेकिन रास्ते में ही दुर्घटना का शिकार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, विक्रम निषाद एक मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से पूरे गांव में दुख का माहौल है। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।


