जुआ खेलते पकड़े गए पूर्व प्रधान समेत दो लोग:4 आरोपी फरार, मैनपुरी के खेतों में खुलेआम जुआ खेलने का VIDEO आया सामने

जुआ खेलते पकड़े गए पूर्व प्रधान समेत दो लोग:4 आरोपी फरार, मैनपुरी के खेतों में खुलेआम जुआ खेलने का VIDEO आया सामने

कुरावली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए जुआ खेलने के वीडियो पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने वीडियो की जांच के बाद खेतों में जुआ खेल रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक पूर्व ग्राम प्रधान भी शामिल है। चार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। दरअसल, कुछ दिन पहले थाना कुरावली क्षेत्र के गांव जखौआ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में करीब एक दर्जन लोग दिनदहाड़े खेतों में बैठकर जुआ खेलते दिखाई दे रहे थे। वायरल वीडियो में ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान गिरीश चंद भी अपने साथियों के साथ जुआ खेलते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे थे। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह को कार्रवाई के लिए लगाया गया। पुलिस ने मुखबिरों और अन्य सूत्रों से जानकारी जुटाकर वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने जखौआ गांव के खेतों में दबिश दी, जहां जुआ खेलते हुए दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान गिरीश चंद पुत्र प्रेम सिंह निवासी जखौआ और वीरेश पुत्र महेंद्र निवासी जखौआ को गिरफ्तार कर उनके पास से जुए में इस्तेमाल हो रहा माल भी बरामद किया। दोनों आरोपियों को थाना कुरावली लाकर उनके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 95/2026 धारा 13G जुआ एक्ट व 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस के पहुंचने से पहले चार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने उनकी भी पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बताया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *