मोहाली के खरड़ हाईवे पर स्थित फ्लाईओवर पर निहंग भेष में आए तीन युवकों ने तलवार के दम पर पहले मोटरसाइकिल सवार युवक और उसकी गर्लफ्रेंड को रोका। इसके बाद उन्होंने लड़की से उसकी सोने चांदी की ज्वेलरी व फोन छीन लिया। आरोपियों ने लड़की से बदतमीजी भी की। जब उसके साथी युवक ने आरोपियों को ऐसा करने से रोका तो आरोपी उसे फ्लाईओवर से नीचे फेंक फरार हो गए। लड़के की रीढ़ की हड्डी में गहरी चोट आई है। गंभीर हालत में उसे जीएमसीएच में भर्ती करवाया गया है। पीड़ित के मुताबिक आरोपी उसकी दोस्त का मोबाइल फोन ले गए थे, जिसकी लोकेशन मोरिंडा की आ रही थी। उसने पुलिस से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। अब सारे मामले को तीन प्वाइंटो में जानिए – बाइक रुकवाकर, सामान सौंपने को कहा चंडीगढ़ के सेक्टर-41 निवासी अंकित ने बताया कि घटना गुरुवार देर रात दो बजे की है। वह अपनी दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर सीयू रोड से खरड़ की तरफ जा रहा था। तभी अचानक सड़क पर हाथ में तलवार लिए तीन युवक आ गए। वे निहंग वेशभूषा में थे और उनके हाथों में तलवारें थीं। उन्होंने बाइक रोकने का इशारा किया। जैसे ही उसने बाइक रोकी तो आरोपियों ने उससे कहा कि वह अपना मोबाइल फोन और जेब में जो कुछ भी है, उन्हें सौंप दे। 35 फुट फ्लाईओवर से नीचे फैंका अंकित ने बताया कि इस दौरान वह समझ गया कि आरोपी ठीक नहीं है। ऐसे में उसने बाइक की चाबी दूर फेंक दी, ताकि वे बाइक लेकर भाग न सकें। फिर आरोपियों ने उसकी दोस्त को घेर लिया और उसका मोबाइल फोन, चांदी की चेन छीन ली। इतना ही नहीं, सोने की नाक का कोका भी निकलवा लिया। जब उसकी दोस्त ने आरोपियों से ऐसा न करने को कहा, तो उन्होंने उससे बदतमीजी शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों से भिड़ने की कोशिश करने पर वे तीनों एक साथ आए और उसे फ्लाईओवर से नीचे फेंक दिया। करीब 35 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। खुद एंबुलेंस को फोन कर बुलाया घायल हालत में अंकित ने किसी तरह एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस वाले उसे इलाज के लिए पहले खरड़ अस्पताल लेकर गए और बाद में फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि उसकी रीढ़ की हड्डी के स्पाइनल कॉर्ड का एल-4 हिस्सा फ्रैक्चर हो गया है। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया है, जहां उसकी सर्जरी की तैयारी की जा रही है।


