करनाल के नेशनल हाईवे-44 पर झिंझाड़ी के पास स्थित एक बड़े बेंक्वेट हाल में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरे हाल को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि उस समय बेंक्वेट हाल में कोई कार्यक्रम नहीं चल रहा था, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। कुछ ही देर में पूरे हाल में फैल गई आग
नेशनल हाईवे-44 पर स्थित अमानी बेंक्वेट हाल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे बेंक्वेट हाल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। देखते ही देखते बड़ा स्ट्रक्चर पूरी तरह जलने लगा और हाल का अधिकांश हिस्सा राख में बदल गया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। लंबे समय तक चली कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी भयंकर थी कि पूरे बेंक्वेट हाल का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मालिक बोला-फायर ब्रिगेड देर से पहुंची
अमानी बेंक्वेट हाल के मालिक ने सुमित जैन ने बताया कि आग अचानक लगी थी। उनका कहना है कि बेंक्वेट हाल का स्ट्रक्चर काफी बड़ा था, इस आगजनी के कारण करीब 10 करोड़ से ज्यादा का नुकसान उनको हुआ है। जैन ने बताया कि आग ने पूरे ढांचे को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन उनके अनुसार फायर ब्रिगेड की गाड़ी काफी देर से मौके पर पहुंची। बाद में कई गाड़ियां आईं और आग पर काबू पाया गया। आग के कारणों की जांच शुरू
सदर थाना के एसएचओ तरसेम चंद ने बताया कि झिंझाड़ी के पास स्थित अमानी बेंक्वेट हाल में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग से काफी नुकसान हुआ है और पूरा बेंक्वेट हाल लगभग ध्वस्त हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।


