Israel Iran war: इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जंग जारी है। इसी बीच इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मोजतबा खामेनेई को जान से मारने की धमकी दी है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अमेरिका के साथ मिलकर चल रही मिलिट्री एक्शन से तेहरान की सरकार का तुरंत पतन होना तय नहीं है।
ईरान पहले जैसा नहीं रहा
इजरायली पीएम ने जंग को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। उन्होंने कहा कि ईरान पहले जैसा नहीं रहा। उनके हिसाब से इजरायली हमलों से ईरान की ताकतवर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स और बसीज अर्धसैनिक बल को भारी नुकसान हुआ है।
नेतन्याहू ने यह भी साफ किया कि इजरायली लेबनान के संगठन हिजबुल्लाह पर हमला जारी है। यह संगठन 2 मार्च को इजरायल पर हमला शुरू करने के बाद से युद्ध में एक्टिव है। वहीं इजरायली पीएम नेतन्याहू ने माना कि अगर ईरान की सरकार भी नहीं गिरती है, तब भी युद्ध के बाद वह काफी कमजोर हो जाएगी।
प्लान का नहीं करेंगे खुलासा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे मोजतबा खामेनेई और हिज्बुल्लाह प्रमुख के खिलाफ संभावित कार्रवाई के बारे में पूछा गया, तो नेतन्याहू ने कहा कि वह आतंकी संगठनों के नेताओं को जीवन बीमा देने वाले नहीं हैं और इजरायल के प्लान का खुलासा नहीं करेंगे।
चेतावनी वाले बजे सायरन
इसी दौरान मध्य इजरायल के कई इलाकों में ईरान से आने वाली मिसाइलों की चेतावनी देने वाले सायरन भी बजते रहे। इजरायल का कहना है कि उसके हमलों का मकसद ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से पैदा खतरे को खत्म करना है। साथ ही वह ईरान में सत्ता परिवर्तन के लिए वहां की जनता को सरकार के खिलाफ खड़े होने के लिए प्रोत्साहित करना चाहता है।
ट्रंप ने दी धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान को धमकी दी है। उन्होंने कहा कि देखो आज इन विक्षिप्त बदमाशों का क्या होता है। उन्होंने आगे लिखा कि ये लोग 47 सालों से पूरी दुनिया में निर्दोष लोगों को मार रहे हैं, और अब मैं, संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में, इन्हें मार रहा हूँ। ऐसा करना मेरे लिए कितना बड़ा सम्मान है।


