सजेती में युवती से दुष्कर्म, बंधक बनाने का आरोपी गिरफ्तार:डोहरू मोड़ से पकड़ा गया, कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजा

सजेती में युवती से दुष्कर्म, बंधक बनाने का आरोपी गिरफ्तार:डोहरू मोड़ से पकड़ा गया, कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजा

सजेती थाना क्षेत्र में एक युवती को जबरन घर से उठाकर बंधक बनाने, धर्म परिवर्तन का दबाव डालने और दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह मामला सजेती थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जानकारी के अनुसार, बरीपाल निवासी इरशाद पर आरोप है कि वह 28 अप्रैल को युवती को उसके घर से जबरन उठा ले गया था। आरोपी ने युवती को अपने घर में कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। युवती के परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। काफी खोजबीन के बाद जब उन्हें युवती के बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। तीन मई को पुलिस टीम परिजनों के साथ आरोपी के घर पहुंची, जहां से युवती को सुरक्षित बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने युवती को आवश्यक कार्रवाई के लिए अपने संरक्षण में लिया और परिजनों से तहरीर प्राप्त की। युवती के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी इरशाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी इरशाद को डोहरू मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ और विधिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके उपरांत उसे न्यायालय में पेश किया गया, जिसके आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि मामले की जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *