धौलपुर शहर के जगन चौराहे पर नगर परिषद ने पुलिस बल की मौजूदगी में एक लोहे की दुकान को उसकी मूल जगह पर फिर से रखवा दिया है। यह कार्रवाई लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद की गई। इससे पहले 13 फरवरी को भी नगर परिषद की टीम दो दुकानों को पुरानी जगह पर रखने पहुंची थी। हालांकि, स्थानीय लोगों के विरोध के कारण उस समय दुकानों को मूल स्थान से दूर रख दिया गया था। जानकारी के अनुसार गत वर्ष नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत जगन चौराहे से दो लोहे की दुकानों को हटाया था। ये दुकानें लखनलाल और ठाकुर मिष्ठान भंडार की बताई जा रही हैं। कार्रवाई के विरोध में दोनों पक्षों ने अलग-अलग अदालतों में याचिकाएं दायर की थीं। कोर्ट के अंतिम निर्णय से पहले ही नगर परिषद ने इन दुकानों को फिर से उनकी पुरानी जगह पर रखने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसी क्रम में बुधवार को नगर परिषद की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने लखनलाल की लोहे की दुकान को उसकी मूल जगह पर स्थापित करवा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति सामान्य बनी रही।


