कनिष्ठ सहायक पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप:सुल्तानपुर में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड ने सीओ सिटी से की कार्रवाई की मांग

कनिष्ठ सहायक पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप:सुल्तानपुर में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड ने सीओ सिटी से की कार्रवाई की मांग

सुल्तानपुर में समाज कल्याण विभाग के कनिष्ठ सहायक अभिषेक गिरी पर एक विशेष समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक व्हाट्सएप स्टेटस लगाने का आरोप लगा है। इस मामले में समाजवादी पार्टी की मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड ने बुधवार को सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शहजाद अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सीओ सिटी सौरभ सामंत को यह ज्ञापन सौंपा। शिकायती पत्र में कहा गया है कि समाज कल्याण विभाग, सुल्तानपुर में तैनात कनिष्ठ सहायक अभिषेक गिरी द्वारा अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक विशेष समुदाय के प्रति आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की गई है।
आरोप है कि इस प्रकार की टिप्पणी से समाज में आपसी सौहार्द बिगड़ने की आशंका है और संबंधित समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। एडवोकेट अशोक सिंह विसेन ने कहा कि सरकारी पद पर कार्यरत व्यक्ति द्वारा ऐसी भड़काऊ और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करना अत्यंत निंदनीय है, जिससे सामाजिक तनाव उत्पन्न हो सकता है।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते समय मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शहजाद अहमद, अशोक सिंह बिसेन, सुल्तान खान, पवन यादव, सईद अहमद, सुरेश कुमार गौतम और संजय यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *