अम्बेडकरनगर में रसोई गैस की किल्लत:बुकिंग के कई दिन बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर, सुबह से लाइन में लग जा रहे लोग

अम्बेडकरनगर में रसोई गैस की किल्लत:बुकिंग के कई दिन बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर, सुबह से लाइन में लग जा रहे लोग

अम्बेडकरनगर जिले में इन दिनों रसोई गैस की गंभीर किल्लत देखी जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग कराने के तीन से चार दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। शहर और गांवों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जहां लोग घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद उन्हें समय पर गैस की डिलीवरी नहीं मिल रही है। गैस एजेंसियों से भी इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।गृहणियों का कहना है कि गैस की कमी के कारण रसोई के कामकाज पर सीधा असर पड़ रहा है। कई परिवारों को मजबूरन खाना पकाने के लिए लकड़ी या अन्य वैकल्पिक ईंधन का उपयोग करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है, जहाँ सिलेंडर की आपूर्ति कम होने के कारण उपभोक्ताओं को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण समय पर वितरण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने और गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *