न्यूज़ीलैंड में आयोजित दुनिया की प्रतिष्ठित सहनशक्ति प्रतियोगिता आयरनमैन ट्रायथलॉन में कोटा के महेन्द्र सिंह चौहान और उनकी पत्नी मीना कंवर राठौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के साथ दोनों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और राजस्थान का नाम रोशन किया है। महेन्द्र सिंह चौहान ने बताया की वे लगातार पांचवीं बार आयरनमैन ट्रायथलॉन सफलतापूर्वक पूरा किया, जबकि उनकी पत्नी मीना कंवर राठौड़ ने लगातार तीसरी बार इस प्रतियोगिता को जीतकर हैट्रिक बनाई है। चौहान ने बताया कि आयरनमैन ट्रायथलॉन को दुनिया की सबसे कठिन सहनशक्ति प्रतियोगिताओं में से एक माना जाता है। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कुल 226 किलोमीटर की दूरी तय करनी होती है। इसमें 3.86 किलोमीटर तैराकी, 180.25 किलोमीटर साइकिलिंग और 42.2 किलोमीटर की पूर्ण मैराथन दौड़ शामिल होती है। खिलाड़ियों को यह पूरी चुनौती निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करनी होती है, जो शारीरिक और मानसिक दोनों ही दृष्टि से बेहद कठिन होती है। चौहान दंपति ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगातार अभ्यास के दम पर इस चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि से कोटा सहित पूरे राजस्थान के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है। अपनी सफलता पर महेन्द्र सिंह चौहान और मीना कंवर राठौड़ ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय वे अपने परिवार, मित्रों और कोच के मार्गदर्शन को देते हैं। उनका मानना है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


