अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। इनमें से एक घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है, जिसमें एक युवक बड़ी ही चालाकी से बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार होता दिखाई दे रहा है। पहली घटना भगत सिंह सर्किल के पास एक निजी अस्पताल के बाहर की है। पीड़ित ताहीर निवासी पुन्हाना, हरियाणा ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह दवा लेने के लिए अस्पताल आया था। उसने अपनी बाइक अस्पताल के बाहर खड़ी कर दी और अंदर चला गया। करीब डेढ़ घंटे बाद जब वह वापस बाहर आया तो बाइक वहां से गायब मिली। बाद में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर चोरी की वारदात सामने आई। फुटेज में दिखाई देता है कि एक युवक पहले अस्पताल के बाहर खड़ी बाइक पर आकर बैठ जाता है, जबकि उसका दूसरा साथी कुछ दूरी पर खड़ा होकर निगरानी करता रहता है। कुछ देर तक इधर-उधर देखने के बाद युवक बाइक का लॉक तोड़ देता है और कुछ ही सेकंड में बाइक लेकर फरार हो जाता है। चोरी के समय बाइक पर एक थैला भी रखा हुआ था, जिसमें कपड़े और कुछ अन्य सामान भी था। वहीं दूसरी घटना शहर के स्कीम नंबर-10 इलाके की है। यहां पीड़ित रामेश्वर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह राजेंद्र अग्रवाल के घर प्लंबिंग का काम कर रहा था। शनिवार काो काम के दौरान उसने अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी कर दी थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब वह बाहर आया तो बाइक वहां से गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चल पाया। दोनों मामलों की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


