छात्रा मन्नत गोयल बनीं एक दिन की थानाधिकारी:बारां महिला थाने की पहल, पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और समझा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला थाना बारां ने एक प्रेरक पहल की। इस पहल का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और नई पीढ़ी को पुलिस प्रशासन के प्रति जागरूक करना था। थाना अधिकारी आशा सिंह के नेतृत्व में सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बारां की कक्षा 11वीं की छात्रा मन्नत गोयल को एक दिन के लिए थाने का अधिकारी बनाया गया। इस दौरान मन्नत ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और समझा। थाना अधिकारी आशा सिंह ने मन्नत को थाने के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण करवाया। उन्हें एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, शिकायतों की जांच की शुरुआत और डिजिटल रिकॉर्ड के रख-रखाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान मन्नत को महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की भूमिका समझाई गई, जहां पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर परामर्श दिया जाता है। इसके अतिरिक्त उन्हें अभिलेख कक्ष, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष और अनुसंधान अधिकारी कक्ष का भी भ्रमण कराया गया। उन्हें बताया गया कि किसी घटना के बाद साक्ष्य कैसे जुटाए जाते हैं, गवाहों के बयान कैसे दर्ज होते हैं और कानूनी रूप से केस का निस्तारण किस प्रकार किया जाता है। इस अनुभव पर मन्नत गोयल ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा- “एक दिन के लिए थाना अधिकारी बनना मेरे लिए गर्व और प्रेरणा की बात है। आज मैंने जाना कि पुलिस समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए कितनी मेहनत करती है।” उन्होंने इस अवसर के लिए अपने स्कूल और थाना अधिकारी आशा सिंह का आभार जताया। थानाधिकारी आशा सिंह ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को पुलिस प्रशासन के प्रति जागरूक करना और उनमें आत्मविश्वास जगाना है। महिला थाना बारां की इस पहल को क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *