नाम के रह गए शांत क्षेत्र, 70 डेसिबल तक पहुंचा शोर… न दिन में चैन, न रात में आराम

नाम के रह गए शांत क्षेत्र, 70 डेसिबल तक पहुंचा शोर… न दिन में चैन, न रात में आराम

जयपुर. राजधानी में शांत क्षेत्र अब सिर्फ नाम के रह गए हैं। इन इलाकों में शोर का स्तर 70 डेसिबल तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों का जीवन दूभर हो गया है और रात की नींद में भी खलल पड़ रहा है। रात के समय भी यहां 60 से 70 डेसिबल तक ध्वनि दर्ज की जा रही है। सड़कों पर वाहनों की चिल्ल-पौं और लगातार बजते हॉर्न से ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि शांत क्षेत्रों में शोर का स्तर कई बार रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों के बराबर दर्ज किया जा रहा है।
शहर के कई हिस्सों में दिन और रात दोनों समय शोर का स्तर तय मानकों से अधिक पाया गया है। बढ़ती वाहनों की आवाजाही के कारण रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। सबसे चिंताजनक स्थिति शांत क्षेत्रों की है। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अनुसार जनवरी में सिविल लाइंस में दिन के समय 59.1 डेसिबल और रात में 64.3 डेसिबल शोर दर्ज हुआ। वहीं बापू नगर में दिन में 70 डेसिबल और रात में 60 डेसिबल तक ध्वनि स्तर पहुंच गया। यह साफ संकेत है कि नियमों का पालन प्रभावी रूप से नहीं हो रहा।

दिसंबर से जनवरी में बढ़ा शोर

दिसंबर 2025 के आंकड़ों से तुलना करें तो कई क्षेत्रों में शोर का स्तर बढ़ा है। दिसंबर में सिविल लाइंस में दिन में 61 और रात में 59.9 डेसिबल शोर दर्ज हुआ था, जबकि जनवरी में रात का स्तर बढ़कर 64.3 डेसिबल तक पहुंच गया। इसी तरह बापू नगर में दिसंबर में दिन में 69.4 और रात में 66.7 डेसिबल शोर था, जो जनवरी में दिन के समय 70 डेसिबल तक पहुंच गया।

नहीं आया असर नजर

ध्वनि प्रदूषण कम करने के लिए प्रशासन ने ‘हॉर्न वर्जित है’ जैसे बोर्ड जरूर लगाए हैं, लेकिन सड़कों पर वाहनों की चिल्ल-पौं और लगातार बजते हॉर्न से इन आदेशों का असर नजर नहीं आ रहा। पुलिस प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा रखी है, फिर भी बढ़ते ट्रैफिक के कारण रात में भी लोगों को शोर से राहत नहीं मिल पा रही है। ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों की समस्या बढ़ती जा रही है।

यूं बढ़ रहा शोर

जनवरी
शांत क्षेत्र
जगह — दिन — रात (शोर डेसिबल)
सिविल लाइंस — 59.1 — 64.3
बापू नगर — 70.0 — 60.0
रिहायशी क्षेत्र
मानसरोवर — 63.7 — 60.4
शास्त्री नगर — 70.6 — 70.4
व्यावसायिक क्षेत्र
राजापार्क — 64.6 — 66.4
परकोटा — 72.1 — 69.4
औद्योगिक क्षेत्र
विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज एरिया — 63.4 — 66.1
सीतापुरा — 67.4 — 63.0

दिसंबर—2025
शांत क्षेत्र
जगह — दिन — रात (शोर डेसिबल)
सिविल लाइंस — 61.0 — 59.9
बापू नगर — 69.4 — 66.7
रिहायशी क्षेत्र
मानसरोवर — 59.2 — 60.1
शास्त्री नगर — 72.4 — 70.6
व्यावसायिक क्षेत्र
राजापार्क — 59.3 — 62.6
परकोटा — 77.7 — 70.9
औद्योगिक क्षेत्र
विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज एरिया — 64.7 — 67.6
सीतापुरा — 60.4 — 64.9

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *