दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान हुए मामूली विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक तरुण बुटोलिया की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज लिंचिंग मामले में अब नया मोड़ आ गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की है। मीडिया से बात करते हुए तरुण के पिता मेमराज ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें जांच की प्रगति के बारे में सही जानकारी नहीं दे रही है। सभी आरोपियों को पुलिस ने अब तक नहीं पकड़ा है।
मृतक के पिता मेमराज का आरोप है कि पुलिस ने गिरफ्तारी की जानकारी तो दी, लेकिन अब तक यह नहीं बताया कि वास्तव में किन लोगों को पकड़ा गया है। इस मामले को लेकर इलाके में तनाव बना हुआ है और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पिता बोले- हमें जांच की जानकारी नहीं दी जा रही
तरुण के पिता मेमराज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस ने उन्हें बताया कि पांच या छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन परिवार को अब तक यह नहीं दिखाया गया कि आरोपी कौन हैं।
उन्होंने कहा, “हमने पुलिस से कहा कि जिन लोगों को पकड़ा गया है उन्हें हमें दिखाया जाए, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसलिए हम इस मामले में CBI जांच चाहते हैं।”
छह आरोपियों की गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस के अनुसार इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमरदीन (49), जुम्मादीन (36), मुस्ताक (46), कमरुद्दीन (36), मुजफ्फर (25) और ताहिर (18) के रूप में हुई है। एक नाबालिग आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से उमरदीन, कमरुद्दीन और जुम्मादीन सगे भाई हैं, जबकि बाकी आरोपी उनके रिश्तेदार हैं और सभी उत्तम नगर इलाके में ही रहते हैं। ये सभी लोग दीवार पेंट करने का काम करते हैं। वहीं मृतक तरुण के पिता मेमराज भी पेशे से पेंटर हैं।
पानी के गुब्बारे से शुरू हुआ था विवाद
मृतक के बड़े भाई अरुण कुमार के अनुसार यह विवाद होली के दिन एक छोटे से विवाद के चलते शुरू हुआ था। दरअसल एक बच्ची से गलती से एक मुस्लिम महिला पर पानी का गुब्बारा गिर गया था। इस बात को लेकर महिला ने विवाद खड़ा कर दिया और इसी को बहाना बनाकर झगड़ा शुरू हुआ।
पुलिस के मुताबिक उस महिला की तलाश की जा रही है। परिवार का दावा है कि इस झड़प में 20 से 25 लोग शामिल थे।
इलाके में तनाव, RAF की तैनाती
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए करीब 200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की दो कंपनियां भी इलाके में लगाई गई हैं।
स्थानीय लोगों ने मुख्य आरोपी के घर में तोड़फोड़ की। पुलिस के अनुसार घर में आग नहीं लगाई गई, लेकिन आरोपियों से जुड़े कुछ वाहनों को जला दिया गया।
CM रेखा गुप्ता ने कहा- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना को बेहद दर्दनाक और निंदनीय बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि एक निर्दोष युवक की इस तरह की हत्या पूरे समाज को झकझोर देने वाली है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस तरह की हिंसक घटनाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति है और प्रशासन को इस अपराध में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद की जाएगी।


