US-Israel-Iran War: ईरान ने कुवैत एयरपोर्ट पर किया हमला, सऊदी अरब पर भी दागे ड्रोन

US-Israel-Iran War: ईरान ने कुवैत एयरपोर्ट पर किया हमला, सऊदी अरब पर भी दागे ड्रोन

US-Israel-Iran War: मध्य पूर्व में चल रहे सैन्य तनाव के बीच खाड़ी क्षेत्र के कई देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की नई लहर सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से ईरान और उसके विरोधियों के बीच बढ़ते टकराव ने पूरे इलाके की सुरक्षा स्थिति को बेहद संवेदनशील बना दिया है। इसी कड़ी में अब कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फ्यूल टैंक को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमला किया गया है। जबकि सऊदी अरब ने अपने हवाई क्षेत्र में घुसे कई ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है।

एयरपोर्ट क्षेत्र में स्थित फ्यूल टैंक पर ड्रोन से हमला

कुवैत की राष्ट्रीय तेल कंपनी कुवैत ऑयल कंपनी (KOC) ने बताया कि देश के एयरपोर्ट क्षेत्र में स्थित फ्यूल टैंक को ड्रोन से निशाना बनाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे देश की महत्वपूर्ण ऊर्जा संरचना पर सीधा हमला बताया है। कुवैत की सेना ने कहा कि देश के हवाई क्षेत्र में घुसे कई शत्रुतापूर्ण ड्रोन को रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई की गई। इंटरसेप्शन के दौरान गिरने वाले मलबे से कुछ नागरिक सुविधाओं को नुकसान भी पहुंचा। एहतियात के तौर पर कुवैत ने अपने कच्चे तेल उत्पादन में अस्थायी कटौती की घोषणा की है। सरकार का कहना है कि यह कदम ऊर्जा ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

तीन बैलिस्टिक मिसाइल हवा में नष्ट

सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय सऊदी मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस (MOD) ने कहा कि देश के कई क्षेत्रों में घुसने की कोशिश कर रहे ड्रोन और मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया है। राजधानी रियाद के डिप्लोमैटिक क्वार्टर सहित कई संवेदनशील इलाकों को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। रिपोर्ट के अनुसार प्रिंस सुल्तान एयर बेस की ओर बढ़ रही तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को भी हवा में ही नष्ट कर दिया गया। यह एयर बेस अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी के कारण रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके अलावा दक्षिण पूर्व स्थित शैबा ऑयल फील्ड के ऊपर उड़ रहे 17 ड्रोन भी मार गिराए गए।

दुबई में पाकिस्तानी चालक की मौत

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस यूएई (MOD UAE) के अनुसार संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक 221 बैलिस्टिक मिसाइल और 1300 से ज्यादा ड्रोन क्षेत्र में देखे जा चुके हैं। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सुरक्षा कारणों से थोड़े समय के लिए बंद करना पड़ा। दुबई में एक इंटरसेप्शन के बाद गिरा मलबा एक वाहन पर गिरा, जिसमें एक पाकिस्तानी चालक की मौत हो गई। दूसरी ओर कतर के रक्षा मंत्रालय मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस कतर (MOD Qatar) ने कहा कि ईरान की ओर से दागी गई कई मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर लिया गया। कुछ मिसाइल समुद्री क्षेत्र में गिरी जबकि कुछ निर्जन इलाके में गिरी थी। इस बीच संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र युद्ध जैसे दौर से गुजर रहा है, लेकिन देश इस संकट से और मजबूत होकर उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *