Israel Iran war: मिडिल ईस्ट में तनाव जारी है। ईरान पर इजरायल लगातार हमला कर रहा है। ईरान भी जवाबी कार्रवाई में इजरायल पर मिसाइलें दाग रहा है। शनिवार देर रात इजरायल और अमेरिका ने तेहरान में तेल डिपो पर हमला कर दिया। इसी बीच इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने ईरान को लेकर कसम खाई है। नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के खिलाफ जंग जारी रहेगी और उसके शासन को जड़ से उखाड़ फेंक देंगे। इसके बाद भी ईरान झुकने के लिए तैयार नहीं है।
क्या बोले इजरायली पीएम नेतन्याहू?
इजरायली पीएम नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ युद्ध को पूरी ताकत के साथ जारी रखने की कसम खाई। दरअसल, नेतन्याहू का बयान ऐसे समय में आया है जब इजरायल और अमेरिका लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं। शनिवार को भी तेहरान में तेल डिपो पर हमला कर दिया।
ट्रंप ने भी दी धमकी
वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान को बड़ी धमकी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ हमलों का दायरा बढ़ाया जाएगा और अमेरिका ईरान पर बहुत कड़ा प्रहार करेगा।
उन्होंने सोशल मीडिया ट्रूथ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ईरान पर बहुत भारी प्रहार होगा! उन्होंने कहा कि ईरान के बुरे बर्ताव के कारण पूर्ण विनाश और निश्चित मौत होगी।
दरअसल, उनकी यह टिप्पणी ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के शनिवार को दिए गए उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका देश कभी भी इजराइल और अमेरिका के सामने आत्मसमर्पण नहीं करेगा और उन्होंने ट्रंप की बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग को एक सपना बताकर खारिज कर दिया था।
रूस के समर्थन पर क्या बोले ट्रंप?
मीडिया द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या रूस ईरान का समर्थन कर रहा है, इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मुझे इसके कोई संकेत नहीं मिले हैं। अगर वे ऐसा कर रहे हैं, तो वे बहुत अच्छा काम नहीं कर रहे हैं क्योंकि ईरान भी बहुत अच्छा नहीं कर रहा है।


