Rahul Gandhi React on India-US Trade Deal: राहुल गांधी तिरुवनंतपुरम में केरल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशान की राज्यव्यापी ‘पुथुयुग यात्रा’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने NDA सरकार पर जमकर भड़ास निकाली और PM मोदी पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डी़ल पर बात करते हुए कहा कि इस समझौते से भारत के किसानों और छोटे व्यवसायों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि जैसे डोनाल्ड ट्रंप PM मोदी को कंट्रोल करते हैं, ठीक वैसे ही PM मोदी केरल के मुख्यमंत्री को कंट्रोल करते हैं, यह बात सब जानते हैं। अगर आप गंभीरता से CPM कार्यकर्ताओं से यह सवाल पूछेंगे तो वे मानेंगे कि मैं जो कह रहा हूं, वह सही है।
‘ट्रंप के इशारे पर चलते हैं पीएम मोदी’
राजनीतिक यात्रा में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि PM मोदी डोनाल्ड ट्रंप के इशारे पर चलते हैं। PM ने देश को निराश किया है। उन्होंने आगे कहा कि PM मोदी ने अमेरिका के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करके देश के साथ विश्वासघात किया है। इस व्यापार समझौते से आम नागरिक, विशेष रूप से किसान और छोटे व्यापारियों को नुकसान होगा। इसके पहले किसी भी PM ने भारतीय कृषि को अमेरिकी कृषि के लिए नहीं खोला है। भारतीय बाजार में बड़ी और मशीनीकृत अमेरिकी कृषि कंपनियों के प्रवेश से छोटे किसानों पर गंभीर असर होगा और इसके प्रभाव से कृषि क्षेत्र में तबाही हो सकती है।
PM मोदी ने किया ऊर्जा क्षेत्र से समझौता
राहुल गांधी ने PM मोदी पर ऊर्जा क्षेत्र में भी समझौता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समझौते के माध्यम से भारतीय डेटा प्राप्त किया है। अमेरिका इसका फायदा उठाएगा, जबकि पीएम मोदी ने देश में ऊर्जा क्षेत्र में भी समझौता किया है।
CPI पर भी भड़के राहुल गांधी
चुनावी रैली में राहुल गांधी ने CPI पर भी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया अब ‘कॉर्पोरेटिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया’ हो गई है। राहुल गांधी ने मंच से लेफ्ट फ्रंट के कार्यकर्ताओं से सवाल पूछा कि आप खुद को कम्युनिस्ट सरकार कहते हैं? कृपया मुझे बताएं कि आज केरल में आपकी सरकार में कम्युनिस्ट क्या है? यह केरल की अब तक की सबसे ‘कॉर्पोरेटिस्ट सरकार’ है। हमारा सुझाव है कि ‘कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया’ का नाम बदलकर ‘कॉर्पोरेटिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया’ कर दें। कम से कम आप जो कहते हैं, उस पर तो खड़े रहें।
UDF नेता का दावा, केरल में बनाएंगे सरकार
केरल में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। आगामी चुनाव को UDF द्वारा पूरे राज्य में निकाली गई ‘पुथुयुग यात्रा’ का आज समापन हो गया। इस यात्रा के दौरान केरल के नेता प्रतिपक्ष (UDF नेता) वी.डी. सतीशान ने आगामी चुनाव में सरकार बनाने का दावा किया। सतीशान ने कहा कि LDF सरकार विफल रही है, वहां UDF की सरकार राज्य को आगे लेकर जाएगी। UDF का इरादा सुशासन और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान पर केंद्रित एक मॉडल पेश करना है। आगामी विधानसभा चुनाव में 100 से अधिक सीटें जीकर UDF सत्ता में आएगी। बता दें कि केरल में कुल 140 विधानसभा सीटें हैं।


